
नई दिल्ली: सरकार द्वारा पेट्रोल पंप डीलरों का कमीशन बढ़ाने से आज पेट्रोल 41 पैसे प्रति लीटर व डीजल 10 पैसे प्रति लीटर महंगा हो गया है। डॉलर के मुकाबले रुपए में गिरावट आने के बावजूद सार्वजनिक क्षेत्र की पेट्रोलियम विपणन कंपनियों ने पिछले सात सप्ताह से दाम नहीं बढ़ाए थे। उन्होंने पेट्रोल पर कमीशन में 21 पैसे की बढ़ोतरी के सरकार के फैसले के बाद इसमें 20 पैसे और जोड़कर 41 पैसे की वृद्धि कर दी।
इससे पहले 1 नवंबर को पेट्रोल कीमतों में संशोधन किया गया था। उस समय पेट्रोल के दाम 1.15 रुपए लीटर (स्थानीय शुल्क को अलग कर) घटाए गए थे। इंडियन ऑयल कारपोरेशन ने कहा है कि पेट्रोल पंप डीलरों का डीजल पर कमीशन 1,089 रुपए प्रति किलोलीटर (प्रति हजार लीटर) से बढ़ाकर 1,186 रुपए प्रति किलोलीटर किया गया है। वहीं पेट्रोल पर डीलरों का कमीशन 21 पैसे बढ़ाकर 1.95 रुपए प्रति लीटर किया गया है।
