टैंकर से टक्कर के बाद बस के नीचे आया युवक

हमीरपुर। टैंकर की टक्कर के बाद बाइक सवार युवक बस की चपेट में आ गया। अस्पताल पहुंचने से पहले इसने दम तोड़ दिया। टैंकर चालक मौके से फरार है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया है। इसे परिजनों के हवाले कर दिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार टैंकर बस अड्डे से नादौन चौक की तरफ जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे बाइक सवार ने इसे ओवरटेक करने की कोशिश की। सामने से आ रही बस को देख वो अनियंत्रित हो गया। बाइक टैंकर से टकरा गई। टैंकर से टक्कर लगने के बाद बाइक सवार बाइक समेत निगम की बस की चपेट में आ गई। हादसे के बाद टैंकर चालक मौके से फरार हो गया। हादसे में बाइक सवार को सिर पर गंभीर चोटें आई थी। इसे प्राथमिक उपचार को क्षेत्रीय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही युवक दम तोड़ चुका था। क्षेत्रीय अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है। एसपी वीना भारती का कहना है कि पुलिस ने मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।

दुकानदार ने दिखाई मानवता
हादसे में बाइक सवार बाइक सहित एचआरटीसी बस के नीचे चला गया। हादसे के बाद राहगीर और दुकानदार तमाशबीन बनकर घायल युवक को देखते रहे। सड़क पर युवक का काफी खून बह चुका था। बावजूद किसी ने भी युवक को बस के नीचे से बाहर नहीं निकाला। आखिर में एक दुकानदार ने घायल युवक को बस से निकाला और उसे अस्पताल भेजा।

अस्पताल ले जाने से मुकरा कार चालक
दुकानदार ने युवक को बस के नीचे से बाहर निकाला और साथ खड़ी एक सैंट्रो कार चालक को घायल को अस्पताल ले जाने को कहा। लेकिन कार चालक ने घायल युवक को अस्पताल ले जाने से मना कर दिया। इसके बाद दूसरे कार चालक ने घायल को अस्पताल पहुंचाया।

हादसे के बाद एनएच-88 जाम
सड़क हादसे के बाद एनएच- 88 पर करीब आधे घंटे तक जाम लगा रहा। इससे वाहन चालकों और यात्रियों को काफी मशक्कत का सामना करना पड़ा। हादसे के बाद एनएच-88 पर पैट्रोल पंप से लेकर भोटा चौक और एनएच 70 पर दूरभाष एक्सचेंज तक जाम की स्थिति बनी रही।

Related posts