
हमीरपुर। प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय हरकत में आया है। कार्यालय में लंबित जेबीटी सर्विस बुक के मामले निपटाकर अग्रिम कार्रवाई हो भेजे गए हैं। 20 दिनों के भीतर कार्यालय में 60 से अधिक केस निपटाए हैं। जबकि अप्रैल माह से अध्यापकों की सर्विस बुक कार्यालय में धुल फांक रही थीं। 4-9-14 के मामले निपटाए जाने पर शिक्षक संघ ने खुशी जाहिर की है। अब करीब 30 सर्विस बुकें ही शेष बची हैं।
‘अमर उजाला’ ने 26 नवंबर के अंक में …कार्यालय में फंसी सर्विस बुक… शीर्षक से मामले की खबर को प्रकाशित किया था। इसके बाद प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय के अधिकारियों की नींद टूटी। महकमा हरकत में आया। बता दें कि हमीरपुर खंड कार्यालय से अप्रैल के अंत तक सभी पात्र जेबीटी शिक्षकों की सर्विस बुक प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय को भेज दी गई थीं, लेकिन शिक्षकों के मामले लटके हुए थे। टाइम स्केल (4-9-14) के मामलों को निपटाया नहीं जा सका था। इस कारण शिक्षकों का इंतजार और रोष बढ़ रहा था। शिक्षकों के रोष और व्यवस्था को लेकर पांच दर्जन से अधिक सर्विस बुक फिक्सेशन के बाद खंड कार्यालय को प्राप्त हो गई हैं, अब ढाई दर्जन के करीब शेष बचती हैं। प्राथमिक शिक्षक संघ खंड हमीरपुर के प्रधान राजेश पठानिया ने प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक का आभार जताया है। कहा कि शेष सर्विस बुक के मामले भी जल्द निपटा दिए जाएं।
कोट
अध्यापकों के मसलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जा रहा है। टीजीटी मामलों में समय निर्धारित होने के कारण पहले उन्हें निपटाया जा रहा था, तत्पश्चात अन्य मामलों को निपटाने का क्रम शुरू कर दिया है।
