जीरो प्वाइंट के पास ही बने बस अड्डा

चंबा। निजी बस आपरेटर यूनियन की वीरवार को बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता यूनियन के प्रधान रवि महाजन ने की। इस मौके पर बस अड्डे के निर्माण को लेकर चर्चा की गई। यूनियन के सदस्यों ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि चंबा बस अड्डे का निर्माण जीरो प्वाइंट के पास ही किया जाए। रवि महाजन ने कहा कि परिवहन मंत्री ने एक बयान में कहा कि कांग्रेस सरकार ने वर्ष 206 में भरमौर चौक जीरो प्वाइंट के पास बस अड्डा निर्माण का शिलान्यास किया था, लेकिन सरकार बदलने के बाद बस अड्डे की जगह को भी बदल दिया गया और जेल के पास बस अड्डा बनाने की प्रक्रिया शुरू हुई। उन्होंने कहा कि अब भारत सरकार के गृह मंत्रालय से जेल उखाड़ने की मंजूरी ली जा रही है। रवि महाजन ने कहा कि प्रदेश सरकार जीरो प्वाइंट के पास बस अड्डे का निर्माण करती है तो लोकसभा चुनावों में यूनियन के सदस्य कांग्रेस को समर्थन करेंगे। उन्होंने कहा कि सदर के विधायक इस बात से अनजान हैं कि जेल के पास बस अड्डा बनने से आम जनता को कितनी परेशानी होगी। उन्होंने कहा कि हाल ही में धर्मशाला में परिवहन मंत्री से बस आपरेटर यूनियन की बैठक हुई, जिसमें परिवहन मंत्री ने आश्वासन दिया है कि निजी बस आपरेटरों की हर समस्या का समाधान किया जाएगा। इस अवसर पर जर्म सिंह ठाकुर, संसार चंद, रविकांत, सुरजीत सिंह, अजय ठाकुर, नरेश महाजन, दिलावर, रफी मोहम्मद, देवेंद्र महाजन, अक्षय कुमार और मनोज कुमार मौजूद रहे।

Related posts