भारतीय पारी 280 रन पर सिमटी

भारतीय पारी 280 रन पर सिमटी

जोहानिसबर्ग: वेर्नोन फिलांडर की बेहतरीन गेंदबाजी के दम पर दक्षिण अफ्रीका ने पहले क्रिकेट टेस्ट के दूसरे दिन आज पहले घंटे के भीतर ही भारत की पहली पारी को 280 रन पर समेट दिया। भारत ने कल के स्कोर पांच विकेट पर 255 रन से आगे खेलना शुरू किया था लेकिन 25 रन के भीतर पांच विकेट गंवा दिए।

फिलांडर ने 27 ओवर में 61 रन देकर चार विकेट लिए जबकि मोर्नी मोर्कल ने 34 रन देकर तीन विकेट चटकाए। डेल स्टेन ने दूसरी सुबह तीन ओवर फेंके लेकिन उन्हें आज कोई विकेट नहीं मिली। उन्होंने 61 रन देकर एक विकेट लिया।

दूसरे दिन की शुरूआत में लग रहा था कि कप्तान महेंद्र सिंह धोनी नाबाद 17 और अजिंक्य रहाणे नाबाद 42 बड़ी साझेदारी करेंगे। उन्होंने स्टेन और फिलांडर के खिलाफ अच्छी शुरूआत भी की।

रहाणे ने दिन का पहला चौका 93वें ओवर में स्टेन को जड़ा। दूसरे छोर पर धोनी काफी संभलकर खेल रहे थे । दोनों बल्लेबाजों ने काफी धीमा खेल दिखाया । पारी के 99वें ओवर में मोर्कल ने धोनी को कुछ शार्ट गेंदें फेंकी जिसे भारतीय कप्तान ने छोड़ दिया।

उस ओवर की आखिरी गेंद कुछ उछली और धोनी को उसे खेलना पड़ा। गेंद उनके बल्ले के बाहरी किनारे से टकराकर विकेटकीपर एबी डिविलियर्स के हाथ में गई।

धोनी 72 गेंद में तीन चौकों की मदद से 19 रन बनाकर आउट हुए। फिलांडर के अगले ओवर की चौथी गेंद पर रहाणे भी विकेट के पीछे कैच दे बैठे। उन्होंने 1&7 गेंद में आठ चौकों की मदद से 47 रन बनाए।

फिलांडर ने पांचवीं गेंद पर जहीर खान को पगबाधा आउट कर दिया। उन्हें हालांकि ईशांत शर्मा ने हैट्रिक नहीं बनाने दी। अगले ओवर में हालांकि उन्होंने ईशांत को भी पवेलियन भेजा जो 11 गेंद में खाता भी नहीं खोल सके।

उधर मोर्कल ने मोहम्मद शमी को 103वें ओवर की आखिरी गेंद पर पवेलियन भेजकर भारतीय पारी का अंत कर दिया।

Related posts