
धर्मशाला। फोरेंसिक टीम ने धर्मशाला के सिविल लाइन में हुई चोरी के मामले में वीरवार को शातिरों के फिंगर प्रिंट सहित अन्य सुबूत जुटाए। टीम ने दिन भर चोरों के संभावित रास्ते और तरीकों की तहकीकात की। साथ ही पुलिस ने भी अपनी जांच आगे बढ़ाते हुए इसमें लोगों के बयान लिए हैं।
वहीं, डाग स्क्वायड की मदद से भी चोरों को ट्रैक करने की कोशिश की गई। फोरेंसिक विशेषज्ञ सहायक निदेशक डा. सुरेंद्र कुमार पाल ने बताया कि मामले से संबंधित सभी जरूरी सुबूत जुुटा लिए गए हैं। लैब में इनकी पड़ताल के बाद पुलिस शातिरों तक पहुंच सकती है। वहीं, पुलिस जांच अधिकारी एसआई नेगी राम ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में जांच तेज कर दी है। उम्मीद है कि शातिर बहुत जल्द पुलिस के हत्थे चढ़ेंगे। उन्होंने इलाके में लोगों से किसी भी तरह के संदिग्ध के दिखते ही पुलिस को 100 नंबर पर सूचित करने का आग्रह किया है। उन्होंने बताया कि मकान मालिक ब्रिगेडियर भूपेंद्र सिंह शुक्रवार सुबह धर्मशाला पहुंच रहे हैं। उसके बाद आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ आईपीसी की धारा 457, 380 और 511 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
