भाजपा ने कांग्रेस के खिलाफ खोला मोर्चा

बंजार (कुल्लू)। अगले साल होने वाले लोक सभा चुनावों को देखते हुए भाजपा ने अपनी गतिविधियों व कार्यक्रमों को तेज कर दिया है। इसको लेकर बंजार भाजपा मंडल ने मंगलवार को लारजी में बैठक की, जिसमें पूर्व मंत्री खीमी राम शर्मा मौजूद रहे।
बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष चुनी लाल ठाकुर ने की। इस मौके पर खीमी राम ने कहा कि कार्यकर्ता की एकजुटता ही संगठन की मजबूती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार बदले की भावना से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा समर्थित पंचायत प्रधानों द्वारा स्वीकृत लाडा की धनराशि पर कांग्रेस कटौती कर रही है। उन्होंने बदली जा रही योजनाओं पर कड़ा विरोध जताया है। खीमी राम शर्मा ने कहा कि अगर लाडा की स्कीमों में छेड़छाड़ करने की कोशिश की गई तो बंजार भाजपा घेराव करने से पीछे नहीं हटेगी। भाजपा मंडल अध्यक्ष चुनी लाल ठाकुर ने कहा कि बंजार भाजपा ने लोकसभा चुनावों के लिए कमर कस ली है।
भाजपा के कार्यकर्ता गांव-गंाव जाकर प्रदेश व केंद्र सरकार की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का काम कर रहे हैं। प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य ओम प्रकाश ठाकुर ने कहा कि बंजार विस में विकास कार्य ठप पड़े हैं और सैंज में आठ माह से नायब तहसीलदार का पद रिक्त चल रहा है। इसके अलावा घाटी के स्कूलों में अध्यापक नहीं हैं और चिकित्सा केंद्रों में डाक्टर न होने से हाल बेहाल हैं।
इस मौके पर भाजपा के मंडल उपाध्यक्ष भूपेंद्र भरत, चौवे राम, बालक राम, देवकी देवी, मोती राम, कैप्टन लाल चंद, सुभाष शर्मा, नारायण सिंह, भूमि चंद, शेर सिंह नेगी, भगवान दास व रेवती राम सहित कई पंचायतों के प्रतिनिधि व शक्ति केंद्रों के अध्यक्ष मौजूद रहे।

Related posts