
कुल्लू: एयरपोर्ट भुंतर में चल रही एयर इंडिया की उड़ानों के साथ-साथ अब अन्य एयरलाईनस की सेवाएं शुरू करने के लिए होम वर्क शुरू हो गया है। एयरपोर्ट अथोरिटी भुंतर ने नागरिक उड्डयन मंत्रालय को भी इस संबंध में प्रपोजल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार निजी एयरलाईनस की सेवाएं आरंभ करने के लिए एयरपोर्ट अथोरिटी ने प्रयास आरंभ कर दिए हैं। भुंतर एयरपोर्ट के निर्देशक वाई.के.शर्मा ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि प्रयास किए जा रहे हैं तथा उम्मीद है कि जल्द ही यहां पर अन्य एयरलाईनस की सेवाएं भी आरंभ हो जाएंगी।
बता दें कि इन दिनों सप्ताह में छह दिन कुल्लू-मनाली एयरपोर्ट भुंतर के हवाई उड़ानें हो रहीं हैं तथा मंगलवार को रेस्ट डे रहता है। वहीं इन दिनों हनीमून कप्पल बड़ी संख्या में कुल्लू-मनाली में हनीमून मनाने आ रहे हैं। इसके अलावा जैसे ही मनाली की वादियां बर्फ से सफेद हो जाएंगी तो पर्यटकों की संख्या में और ईजाफा होने की संभावना है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए कुल्लू-मनाली एयरपोर्ट भुंतर में अन्य एयरलाईनस की सेवाएं आरंभ करने पर भी जोर दिया जा रहा है।
बताया जा रहा है की इसकी विस्तृत प्रपोजल तैयार करने के बाद निजी एयरलाईनस को बुलाया जाएगा। संभावना है कि नए साल में यहां पर अन्य एयरलाईन भी सेवाएं देना आरंभ कर देंगी। वहीं दूसरी ओर भुंतर स्थित एयरपोर्ट के विस्तारीकरण की योजना भी पाईपलाईन में आ गई है तथा रनवे को विस्तार मिलते ही यहां पर बड़े जहाजों का उतरना संभव हो जाएगा।
