अब दशहरा के बाद नहीं सजेंगी दुकानें

कुल्लू। अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव के दौरान अब दुकानें केवल उत्सव के दौरान ही सज पाएंगी। इसके बाद ढालपुर मैदान में लगाई गई दुकानों को हटा दिया जाएगा। जिला लीगल सर्विस अथारिटी के चेयरमैन (जिला न्यायाधीश) बलदेव सिंह ने कुल्लू दशहरा मेला कमेटी के चेयरमैन और डीसी कुल्लू को इस बाबत पत्र भेजा है।
पत्र में कहा है कि कुल्लू के लोगों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए केवल दशहरा उत्सव के दौरान ही व्यापारियों को ढालपुर मैदान में दुकानें लगाने की अनुमति दी जाए। इसके अलावा दशहरा के दौरान आने वाले दुकानदारों और व्यापारियों के लिए अस्थाई शौचालयों की व्यवस्था भी करें। हिमालयन एनवायरमेंट प्रोटेक्शन सोसाइटी के अध्यक्ष अभिषेक राय ने एक जनहित याचिका दायर की थी। शिकायत में अभिषेक राय ने कहा था कि दशहरा उत्सव केवल सात दिन के लिए होता है, लेकिन उत्सव खत्म होने के बाद भी ढालपुर मैदान में कई दिनों तक दुकानें लगी रहती हैं। इस कारण शहर के कई घरों, कार्यालयों और खासकर अस्पताल में आने वाले मरीजों को ढालपुर मैदान में लगाई गई दुकानों से होने वाले प्रदूषण की मार झेलनी पड़ती है। लाउड स्पीकरों के कारण अस्पताल में आए मरीजों को भी दिक्कतें उठाना पड़ती हैं। शौचालय की व्यवस्था न होने से लोग व्यास किनारे शौच को जाते हैं। अभिषेक राय ने मंडी की शिवरात्रि और रामपुर की लवी की दर्ज पर केवल दशहरा उत्सव के दौरान ही व्यापारियों को स्टाल लगाने की अनुमति देने का आग्रह किया था। इस पर जिला लीगल सर्विस अथारिटी ने दशहरा कमेटी को केवल उत्सव के दौरान ही दुकानें आवंटित करने को कहा है। डीसी शरभ नेगी ने इस संबंध में पत्र मिलने की पुष्टि की है।

Related posts