
कुल्लू। दियार घाटी के आराध्य देवता त्रियुगी नारायण मंगलवार से हारियान क्षेत्र की परिक्रमा पर निकल रहे हैं। देवता की परिक्रमा को लेकर हारियानों ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। देवता ने अपने गूर के माध्यम से परिक्रमा करने के निर्देश हारियानों को दिए हैं। हालांकि, यह परिक्रमा पारंपरिक है। यह पौष महीने के बीच में शुरू होती थी लेकिन इस बार देवता ने इसे जल्द शुरू करने के आदेश जारी किए हैं। पौष महीने में जिला के अधिकतर देवी-देवता इंद्रसभा की ओर रवाना होते हैं। लेकिन, त्रियुगी नारायण इंद्र सभा में भाग नहीं लेते हैं। देवता त्रियुगी नारायण के छड़ीबरदार देवेंद्र सिंह एडवोकेट ने बताया कि मंगलवार को आराध्य देवता त्रियुगी नारायण दियार अपने मंदिर से परिक्रमा शुरू करेंगे। परिक्रमा भोसा, बहुगुणा, हुरला, बामीनाला, नरैश होते हुए वापस मंदिर परिसर में संपन्न होगी। उन्होंने बताया कि इस महीने देवता को छह भक्तों ने घर बुलावे का निमंत्रण दिया है। देवता बारी-बारी बुलावे पर जाएंगे। इस परिक्रमा पुरातन परंपरा के अनुसार होगी। इसके लिए सभी तैयारियों को पूरा कर लिया गया है।
