
गगरेट (ऊना)। गगरेट-ऊना मार्ग पर ओयल के निकट एक तेज रफ्तार कार ने बालक को टक्कर मार दी। इससे बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में उसकी अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। चालक कार को छोड़कर फरार हो गया है। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है और छानबीन की जा रही है।
जानकारी के अनुसार शनिवार देर शाम एक आल्टो कार ने ओयल के पास पंकज (6) पुत्र सरवन सिंह निवासी ओयल को टक्कर मार दी। इससे पंकज गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे गगरेट अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने बालक की हालत गंभीर होने के कारण उसे क्षेत्रीय अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन पंकज को होशियार ले गए लेकिन बच्चे ने घावों के ताव न सहते हुए रास्ते मेें ही दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि पंकज मां-बाप का इकलौता बेटा था। पंकज के पिता स्कूटर रिपेयर की दुकान करते हैं। आरोपी कार चालक कार को छोड़कर फरार हो गया है। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है। पुलिस पता लगा रही है कि कार किसकी है। इससे आरोपी का भी जल्द पता लगा लिया जाएगा। खबर की पुष्टि गगरेट थाना प्रभारी विश्वास वालिया ने की। कहा कि केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
