
शिमला। बुशहैर कल्याण सभा की कार्यकारिणी की बैठक में रामपुर को जिला और ननखरी को तहसील बनाने की मांग उठाई गई। शिमला में सभा के अध्यक्ष बलदेव ठाकुर की अध्यक्षता में हुई बैठक में सभा ने आगामी श्रीखंड समारिका 2014 के प्रकाशन के लिए उचित और प्रभावी कदम उठाने का फैसला लिया। सभा के अध्यक्ष ने बताया कि रामपुर की जनता लंबे समय से जिले की मांग कर रही है। इसके अलावा बैठक में सभा के भवन के लिए भूमि देने की मांग सरकार से उठाने का फैसला लिया गया। सभा की अगली बैठक 14 मार्च को होगी। बैठक में देवानंद को चिकित्सा सहायता के लिए पांच हजार रुपये का अनुदान देने, ननखरी स्टूडेंट एसोसिएशन को 2000 रुपये की सहायता देकर सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ाने का फैसला लिया है। बैठक में सुदामा राम शर्मा, वीरेंद्र नेगी, सुनील कायथ, चारण दास शर्मा और महीदेवी शर्मा सहित अन्य सदस्यों ने हिस्सा लिया।
