भाजपा के लिए बिहार नहीं, गुजरात और मध्यप्रदेश आदर्श राज्य हैं: नीतीश

भाजपा के लिए बिहार नहीं, गुजरात और मध्यप्रदेश आदर्श राज्य हैं: नीतीश

पूर्णिया: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भाजपा पर प्रहार करते हुए आरोप लगाया कि उसके लिए बिहार नहीं बल्कि गुजरात एवं मध्य प्रदेश आदर्श राज्य हैं। पूर्णिया जिला के रंगभूमि मैदान में जदयू द्वारा आज आयोजित संकल्प रैली को संबोधित करते हुए नीतीश ने भाजपा पर प्रहार करते हुए आरोप लगाया कि उसके लिए बिहार नहीं बल्कि गुजरात एवं मध्य प्रदेश आदर्श राज्य हैं।

भाजपा पर कटाक्ष करते हुए नीतीश ने कहा कि जिस प्रदेश में बिहार के भाईयों एवं बहनों के साथ सबसे ज्यादा बदसलूकी होती है उस प्रदेश के नेता को भाजपा गले लगाये हुए है। उन्होंने कहा कि वे ऐसा बिहार बनाना चाहते हैं जिसमें बिहार के लोगों को रोजी-रोटी के लिए अन्य प्रदेशों में नहीं जाना पडे। भाजपा पर देश में अफवाह फैलाने का आरोप लगाते हुए नीतीश ने कहा कि उसके द्वारा देश में लहर नहीं बल्कि ब्लोअर के जरिए ‘नकली हवा’ बहाई जा रही है।

उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार जब तक बिहार को विशेष राज्य का दर्जा नहीं देगी तब तक जदयू का संघर्ष जारी रहेगा। नीतीश ने कहा कि जब रघुराम राजन समिति की रिपोर्ट आयी थी उस समय भी हमलोग संतुष्ट नहीं हुये थे। अर्थशास्त्री शैवाल गुप्ता ने विरोध दर्ज कराया था। उन्होंने कहा कि केन्द्रीय वित्तमंत्री पी चिदंबरम ने जब रंगराजन समिति की रिपोर्ट जारी की थी तो हमने उन्हें पत्र भी लिखा था। चिदंबरम ने आश्वस्त किया था कि उनकी बात मानेंगे लेकिन रिपोर्ट प्रकाशित होने के दस सप्ताह बीत गये लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होते देख हमने संकल्प रैली के आयोजन का निर्णय लिया ताकि बिहार के गौरव की रक्षा हो सके।

Related posts