
चंबा। अगर आपको किसी बहारी राज्य के अज्ञात नंबर से कॉल आती है तो इसे न सुनें। अगर गलती से कॉल सुन भी ली तो उसे अपने अकाउंट नंबर न बताएं और न ही बैंक से संबंधित कोई जानकारी दें। इन दिनों शातिर खुद को बैंक का प्रतिनिध बताकर एटीएम पिन नंबर पूछकर ठगी की वारदात को अंजाम दे रहे हैं और लोगों के अकाउंट से पैसे उड़ा रहे हैं। जिला चंबा में भी पिछले कुछ दिनों से लोगों को इस प्रकार के फोन आ रहे हैं। शुक्रवार को जिला चंबा के काकू के मोबाइल पर 09162570249 नंबर से कॉल आई। उसने बताया कि वह एटीएम एजेंसी मुंबई से बोल रहा है और आपके एटीएम की वेलडिटी खत्म हो चुकी है, उसको रिन्यू करवाने के लिए आप एटीएम नंबर व रजिस्ट्रेशन नंबर बताएं। काकू चौहान ठग के झांसे में नहीं आया और उसने अपने कुछ दोस्तों से इस बारे में बात की, तो उन्होंने नबंर बताने से मना किया और पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाने की सलाह दी। शनिवार को काकू चौहान ने एसबीआई शाखा चंबा के सहायक प्रबंधक अमरेंद्र को पूरी बात बताई। सहायक प्रबंधक अमरेंद्र ने बताया कि एटीएम कार्ड की वेलडिटी लगभग पांच साल तक होती है और आपका एटीएम क ार्ड अभी वर्ष 2016 तक वैद्य है। उन्होंने कहा कि बैंक की ओर से किसी प्रकार की कॉल नहीं की जाती है। जब वेलडिटी खत्म हो जाती है तो एटीएम अपने आप बंद हो जाता है।
फोन पर बैंक से संबंधित कोई जानकारी न दें : अमरेंद्र
एसबीआई के सहायक प्रबंधक अमरेंद्र ने बताया कि पिछले एक महीने से इस प्रकार की शिकायतें उनके पास आ रही हैं। कई लोगों को लाटरी के नाम पर ठगा जा रहा है तो कुछ को पिन नंबर लेकर गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति को किसी प्रकार की जानकारी उपलब्ध न करवाएं। पहले शाखा में आकर बैंक के कर्मचारियों से संपर्क कर लें।
एटीएम वैधता खत्म पर आएगा बैंक से मैसेज
एटीएम कार्ड की वैद्यता खत्म होने पर अपने आप ही एटीएम कार्ड बंद हो जाता है। इसके अलावा डेबिट कार्ड व क्रेडिट कार्ड की वैद्यता खत्म होने पर बैंक प्रबंधन की ओर से ग्राहकों को मैसेज किया जाता है।
