बुजुर्गों को वरदान बनी हैप्पी समाइल योजना

सिहुंता (चंबा)। ब्लॉक सिहुंता के बुजुर्ग 60 साल की उम्र में भी अब खुलकर हंस सकते हैं। यहां के बुजुर्गों के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से चलाई गई हैप्पी समाइल योजना वरदान साबित हो रही है। पिछले लगभग 19 महीने में ब्लॉक सिहुंता के लगभग 116 वरिष्ठ नागरिकों ने इस योजना के तहत दांत लगवाए और योजना का लाभ उठाया। सरकार की ओर से हैप्पी समाइल योजना के तहत आईआरडीपी व बीपीएल परिवारों से संबंध रखने वाले 60 वर्ष की आयु पूरी कर चुके वरिष्ठ नागरिकों को मुफ्त में दांत लगाए जाते हैं। इसके अलावा दांतों की फिलिंग भी की जाती है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र समोट में मई, 2012 से 12 दिसंबर, 2013 तक 116 वरिष्ठ नागरिकों ने दांत लगवाए और कई ने फिलिंग करवाई। दंत चिकित्सक डा. अंशु ने बताया कि हैप्पी समाइल योजना का स्वास्थ्य केंद्र में अब तक 116 बुजुर्ग लाभ उठा चुके हैं। उन्होंने कहा कि हर माह स्वास्थ्य केंद्र में इस योजना के तहत छह से सात लोगों को दांत लगाए जा रहे हैं। सरकार की यह योजना बुजुर्गों के लिए काफी फायदेमंद साबित हो रही है। उन्होंने क्षेत्र के बुजुर्गों से अपील की है कि अगर किसी के दांत नहीं हैं, तो इस योजना का लाभ उठा सकते हैं।

Related posts