
पालमपुर (कांगड़ा)। पंचरुखी क्षेत्र में बच्ची के साथ छेड़छाड़ मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने शुक्रवार को बच्ची से अपने क्वार्टर में छेड़खानी की थी। उसके बाद फरार हो गया था। जानकारी के मुताबिक शुक्रवार शाम बच्ची बाजार जा रही थी और उसके चार और पांच साल के भाई भी साथ थे। भाई सड़क पर टायर से खेलते हुए जा रहे थे। इस दौरान टायर आरोपी युवक राजेश कुमार के क्वार्टर के अंदर चला गया। बच्ची जब इसे लेने अंदर गई तो यह युवक चारपाई पर लेटा हुआ था और उसने बच्ची को देख उसके साथ छेड़छाड़ की, लेकिन बच्ची किसी तरह से वहां से भाग आई और उसने यह बात अपने परिजनों को बताई। जिस पर उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी। इसका पता चलते ही आरोपी युवक घर से भाग गया था, लेकिन पंचरुखी पुलिस चौकी प्रभारी एसआई भूप सिंह सेन के नेतृत्व में टीम ने कई जगहों पर दबिश देकर शनिवार को उसे पंचरुखी से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पिछले दस पंद्रह साल से यहां रह रहा है। उधर, डीएसपी पालमपुर नवदीप सिंह ने कहा कि बच्ची से छेड़छाड़ करने के आरोपी युवक राजेश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
