
धर्मशाला। शहरी विकास एवं आवास मंत्री सुधीर शर्मा ने शनिवार को जिला ओपन कारागार धर्मशाला में आर्ट आफ लिविंग संस्था के सौजन्य से रसायन मुक्त खेती परियोजना का शुभारंभ किया। जैविक खेती परियोजना के माध्यम से आर्ट ऑफ लिविंग के सदस्यों द्वारा प्रशिक्षित जिला कारागार के कैदी करीब 200 गमलों और दो कनाल भूमि पर बेमौसमी सब्जियों का उत्पादन करेंगे। सुधीर शर्मा ने संस्था की ओर से कैदियों को जैविक खेती के लिए प्रेरित करने के प्रयास की सराहना की। कहा कि इस प्रयास से जहां कैदियों के जीवन को नई दिशा मिलेगी, वहीं कारागार से मुक्ति के बाद जैविक खेती को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी। जिला कारागार धर्मशाला के रखरखाव तथा सुधार के लिए 8 लाख की राशि व्यय की जा रही है। इस मौके पर अधीक्षक जेल एमआर राणा ने मुख्यातिथि का स्वागत किया और जेल की गतिविधियों की जानकारी दी। आर्ट ऑफ लिविंग के संयोजक नवनीत डोगरा ने संस्था की ओर से कारागार के कैदियों को नई दिशा देने के लिए चलाई जा रही गतिविधियों की जानकारी दी।
