
धर्मशाला। विधानसभा सत्र के दौरान स्वास्थ्य अनुबंधित समिति कर्मचारी महासंघ कर्मचारियों को नियमित करने को लेकर अपनी मांग मुख्यमंत्री के समक्ष रखेगा। इसे लेकर महासंघ के सदस्यों ने बैठक का आयोजन जिला मुख्यालय में किया। महासंघ के प्रेस सचिव राजकुमार महाजन ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में विभिन्न समितियों में कार्यरत लगभग 800 कर्मचारियों के नियमितीकरण की मांग को प्रमुखता से उठाया गया है। ये कर्मचारी पिछले 10 से 15 साल से स्वास्थ्य विभाग में सेवाएं दे रहे हैं। मगर, पूर्व सरकार के कार्यकाल में इन कर्मचारियों की अनदेखी हुई। कर्मचारियों को मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर से आस है कि वे उनके नियमितीकरण के लिए स्थायी नीति बनाएंगे। ये कर्मचारी तकनीकी एवं शैक्षणिक तौर पर निपुण हैं। उन्होंने कहा कि महासंघ के सदस्य विस सत्र के दौरान मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर से मिलेंगे। इस दौरान जल्द से जल्द सरकार से कर्मचारियों के लिए नियमितीकरण के लिए स्थायी नीति बनाने की मांग की जाएगी। इस मौके पर संयुक्त सचिव विशाल शर्मा, दिनेश शर्मा, संजीव, विनोद, अंजली सहित कई कर्मचारी मौजूद रहे।
