
कुल्लू। सैंज क्षेत्र में एक निजी कंपनी के कार्यालय में सेंध लगाकर लाखों रुपयों पर चोरों ने हाथ साफ कर लिए हैं। पुलिस ने अकाउंट मैनेजर की शिकायत पर चोरों के खिलाफ भादंसं की धारा 379 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस में दर्ज करवाई गई एफआईआर में सैंज क्षेत्र में कार्यरत गैमन इंडिया कंपनी में अकाउंट पद पर तैनात मुरलीधरन नारायण ने कहा है कि 12 दिसंबर की रात सैंज स्थित कार्यालय में कुछ चोरों ने घुसकर कार्यालय में बनी लोहे की चेस्ट को तोड़कर उसमें रखें 2,15,314 रुपये उड़ा लिए हैं। इधर, कुल्लू के गलियार के आंगनबाड़ी केंद्र में भी चोर सेंध लगाकर कमरे में रखे एक गैस सिलेंडर, कुक्कर, दरी समेत बाल्टी को चुरा ले गए हैं। पुलिस ने आंगनबाड़ी संचालिका रंजना कुमारी की शिकायत पर भादंसं की धारा 457 और 380 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। डीएसपी संजय शर्मा ने बताया कि पुलिस ने दोनों मामलों में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने वारदात वाली जगह की वीडियो और फोटोग्राफी भी करवाई है। डीएसपी नेे कहा कि पुलिस जल्द अज्ञात चोरों की पहचानकर चोरों को पकड़ कर सलाखों के पीछे डाल देगी।
