
ऊना। राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ ऊना ने पैट अध्यापकों के साथ किए जा रहे अन्याय को लेकर आवाज बुलंद कर दी है। शनिवार प्राथमिक शिक्षक संघ की बैठक राजकीय प्राथमिक पाठशाला लालसिंगी में हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष विनय शर्मा ने की। बैठक में प्राथमिक सहायक अध्यापकों की समस्याओं पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि संघ उद्योगमंत्री मुकेश अगिभनहोत्री के माध्यम से मुख्यमंत्री वीरभद्र से मिलकर पैट अध्यापकों के लिए राहत की अपील करेगा। विनय शर्मा ने कहा कि पैट शिक्षक पिछले 9 वर्षों से स्कूूलाें में सेवाएं दे रहे हैं लेकिन सरकार ने उनके नियमितीकरण को लेकर नई शर्तें लगाकर उनके साथ अन्याय किया है। संघ ने मांग की है कि मिड-डे मील योजना के तहत महंगाई को देखते हुए बजट को बढ़ाया जाए। जेबीटी से टीजीटी के लिए पदोन्नतियों का बैकलॉग शीघ्र ही समाप्त किया जाए ताकि पदोन्नति की राह देख रहे जेबीटी अध्यापकों को पदोन्नति मिल सके। जेबीटी अध्यापकों को पंजाब की तर्ज पर 10300-34800-4200 ग्रेड पे देते हुए 1-1-2006 से बकाया राशि का भी भुगतान किया जाए तथा अनुबंध पर रखे जाने वाले जेबीटी अध्यापकों का प्रारंभिक वेतन 8,910 की बजाए 16,290 की जाए।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष विनय शर्मा, कोषाध्यक्ष रवि राणा, वरिष्ठ उपप्रधान विजय शर्मा, सलाहकार सर्वजीत सिंह ठाकुर, प्रवक्ता महेश शारदा, राजेश ठाकुर, रमन कुमार, पैट संघ के जिला प्रधान अमरजीत सिंह, रविकांत, राजीव, विनोद, विजय सैणी, रविंद्र भाटिया एवं राजकुमार बीटन उपस्थित रहे।
