योजनाओं को पात्रों तक पहुंचाएं : डीसी

पतलीकूहल (कुल्लू)। उपायुक्त राकेश कंवर ने शुक्रवार को पतलीकूहल में खंड विकास अधिकारी कार्यालय के सभागार में जिला ग्रामीण विकास अभिकरण की कार्यशाला तथा कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में नग्गर विकास खंड के समस्त पंचायत प्रधानों तथा पंचायत सहायकों ने भाग लिया। डीसी ने प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं, जैसे मनरेगा, राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना, इंदिरा आवास योजना, मातृशक्ति बीमा योजना पर विस्तृत चर्चा की तथा पंचायत प्रधानों और पंचायत सहायकों को धरातल पर आ रही समस्याओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों और पंचायती राज अधिकारियों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने पर बल दिया। उन्होंने पंचायत प्रधानों की भूमिका को ग्रामीण विकास को गति प्रदान करने में अहम बताया तथा ग्राम सभा के महत्व पर प्रकाश डाला। जिलाधीश ने बीपीएल सूची के चयन में पंचायत प्रतिनिधियों को पारदर्शिता अपनाने पर बल दिया। बैठक में जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के परियोजना अधिकारी डॉ. संजीव धीमान तथा खंड विकास अधिकारी नग्गर गुलाब चंद बैंस ने ग्रामीण विकास विभाग की ओर से चलाई जा रही योजनाओं का विस्तृत ब्योरा प्रस्तुत किया। इस अवसर पर जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के अधिकारी, नग्गर प्रधान संघ के अध्यक्ष वेद राम ठाकुर तथा अन्य जन प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।

Related posts