
आनी (कुल्लू)। लूहरी से एक किमी आगे नौनी में नाके के दौरान पुलिस ने एक लक्जरी गाड़ी से अवैध शराब की 43 पेटियां बरामद की हैं। गाड़ी में सवार दो लोग गाड़ी छोड़ कर मौके पर से फरार हो गए। पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वीरवार रात पुलिस की टीम ने लूहरी चौकी प्रभारी लोकेंद्र की अगुवाई में यहां से एक किमी दूर नौनी में नाकाबंदी कर रखी थी। इस दौरान एक लक्जरी कार नाके से करीब 50 मीटर की दूरी पर रुक गई। पुलिस को देख कर गाड़ी में सवार दो लोग मौके पर से फरार हो गए। गाड़ी को मौके पर ही छोड़ गए। पुलिस ने जब गाड़ी की तलाशी की तो गाड़ी में अवैध रूप से पंजाब अंगुरी मार्का की 43 पेटियां शराब मिली। पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है। आनी थाना प्रभारी रोहित मृगपुरी ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए अभियान शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी।
