
हमीरपुर। शहर में दो कारों की टक्कर से करीब आधे घंटे तक जाम लगा रहा। जाम के दौरान अलग अलग दो जगह भी वाहनों की आपस में टक्कर हो गई। पुलिस ने हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचकर यातायात को बहाल करवाया। वाहनों की कतारें इतनी लंबी थी कि यातायात को बहाल करने के लिए आधे घंटे से अधिक समय लग गया। इससे कुछ निजी बसों के रूट भी रद्द हो गए।
वीरवार सुबह करीब 11 बजे नादौन चौक के पास दो कारों में टक्कर हो गई। टक्कर के दौरान सड़क किनारे पार्क ट्राला भी कारों की चपेट में आ गया। इस कारण मुख्य सड़क पर जाम लग गया। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम से निकलते निकलते नादौन चौक के पास ही दो अन्य कारों की टक्कर हो गई। पीएनबी बैंक शाखा के पास भी एक बाइक ट्राला के साथ टकरा गई। पुलिस ने नादौन चौक के पास दुर्घटनाग्रस्त कारों को सड़क से हटाकर यातायात को बहाल कर दिया। पीएनबी बैंक शाखा के पास बाइक और ट्राला की टक्कर से करीब 20 मिनट तक जाम की स्थिति रही और आरटीओ कार्यालय तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। दोनों पक्षों में आपसी समझौते के बाद यातायात बहाल हुआ। शहर की मुख्य सड़क पर ही तीन हादसों से यातायात करीब आधा घंटा तक बाधित रहा। अन्य बसें देरी से गंतव्य पर रवाना हुई हैं। यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
उधर, एसपी वीना भारती का कहना है कि सूचना मिलते ही यातायात पुलिस मौके पर रवाना हो गई। यातायात को बहाल कर दिया गया है। वाहनों की टक्कर से जाम में लोगों को परेशानी हुई है।
