
चंबा। शहर की निकटवर्ती पंचायत बरौर में कुकर फटने से सात वर्ष की बच्ची झुलस गई है। यह घटना वीरवार को शाम के वक्त बरौर गांव में उस समय हुई, जब काजल पुत्री संजीव कुमार घर के किचन में बैठी हुई थी। इस दौरान खाना बनाने के लिए आंच पर रखा गया कुकर अचानक फट गया और कुकर में डाली गई गर्म खाद्य सामग्री बच्ची के मुंह पर गिर गई। इससे उसका मुंह झुलस गया। परिवार के सदस्यों ने घटना की सूचना राष्ट्रीय एंबुलेंस को दी। एंबुलेंस के ईएमटी मोहम्मद रफी और पायलट कमल ने मौके पर पहुंचकर बच्ची को प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद बच्ची को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया। यहां पर उसका इलाज चल रहा है। अस्पताल में उपचार देने के बाद बच्ची की हालत में सुधार बताया जा रहा है। उधर, एंबुलेंस के ईएमई डा. विकास चंदेल ने बताया कि बच्ची का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। जिला अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डा. विनोद शर्मा ने बताया कि बच्ची को अच्छे तरीके से उपचार दिया जा रहा है।
