मंगली में करंट से हादसे का अंदेशा

तीसा (चंबा) ग्राम पंचायत मंगली के मंगली गांव में बिजली की तार खंभे से नीचे जमीन पर गिर गई है। यह तार पिछले लगभग डेढ़ माह से जमीन पर पड़ी हुई है, लेकिन बिजली बोर्ड की ओर से इस तार को ठीक करने की कोशिश नहीं की है। इस कारण यहां पर दुर्घटना का अंदेशा बना हुआ है। स्थानीय पंचायत प्रधान कर्म चंद ने बताया कि लगभग डेढ़ माह पहले मंगली में खंभे से बिजली की तार टूट गई और कुछ दिन लटकी रही। इसके बाद यह तार अब जमीन पर पड़ी हुई है। यहां पर स्थानीय वाशिंदों का आना-जाना लगा रहत है। इसके अलावा ग्रामीण मवेशियों को चराने के लिए भी छोड़ देते हैं। उन्होंने कहा कि गलती से कोई ग्रामीण या मवेशी इस विद्युत तार की चपेट में आ गया, तो अनहोनी हो सकती है। उन्होंने कहा कि कई बार बिजली बोर्ड से टूटी बिजली की तार को ठीक करने की मांग की गई, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई। उन्होंने कहा कि यहां पर अगर कोई अनहोनी होती है, तो इसके लिए बिजली बोर्ड जिम्मेवार होगा। उन्होंने बिजली बोर्ड से मांग की है कि इस लाइन को ठीक किया जाए।

जानकारी नहीं
बिजली बोर्ड के सहायक अभियंता कपिल डोगरा ने बताया कि उन्हें ऐसी जानकारी नहीं मिली है। अगर ऐसा है तो बिजली बोर्ड के कर्मचारी को मौके पर भेजा जाएगा और लाइन ठीक करवा दी जाएगी।

Related posts