एशेज पर कब्जा जमाने के लिए उतरेगा आस्ट्रेलिया

एशेज पर कब्जा जमाने के लिए उतरेगा आस्ट्रेलिया

पर्थ : पहले 2 मैचों में बड़ी जीत से उत्साहित आस्ट्रेलिया अपनी आक्रामकता और जज्बे को बरकरार रखकर इंगलैंड के खिलाफ कल से यहां शुरू होने वाले तीसरे टैस्ट क्रिकेट मैच में जीत दर्ज करके फिर से एशेज अपने नाम करने की कोशिश करेगा। आस्ट्रेलियाई टीम ने इंगलैंड में 3-0 से हार के बाद वर्तमान शृंखला में हिस्सा लिया लेकिन तेज गेंदबाज मिशेल जानसन की अगुवाई में उसकी टीम ने बेहतरीन वापसी करके ब्रिसबेन और एडिलेड में बड़ी जीत दर्ज कर खुद को एशेज हासिल करने के करीब पहुंचा दिया।

अपनी तेजी के लिए मशहूर वाका की पिच पर आस्ट्रेलिया 5 मैचों की शृंखला में 3-0 की अजेय बढ़त ले सकता है। यह जानसन का घरेलू मैदान है लेकिन पिछली 3 शृंखलाएं जीतने वाला इंगलैंड भी इस तेज गेंदबाज को करारा जवाब देने और अपनी जीत की लय हासिल करने के लिए बेताब है।  इंगलैंड के कोच एंडी फ्लावर ने भी साफ किया है कि पहले 2 टैस्ट मैचों में बल्लेबाजों की असफलता और गेंदबाजों के अपेक्षाओं पर पूरी तरह खरा नहीं उतर पाने के कारण बदलाव किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हमें कुछ कड़े फैसले लेने होंगे लेकिन हमारे पास सभी ऐसे खिलाड़ी हैं जो पासा पलटने के लिए प्रतिबद्ध हैं और हम ऐसा जरूर करेंगे।’’

Related posts