
नई दिल्ली : भारत के विराट कोहली ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 3 मैचों की एकदिवसीय क्रिकेट सीरीज में निराशाजनक प्रदर्शन के कारण आई.सी.सी. की ताजा वनडे रैंकिंग में अपना शीर्ष स्थान गंवा दिया है। दक्षिण अफ्रीका के ए.बी. डीविलियर्स एक बार फिर से नंबर-1 बन गए हैं।
विराट इस सीरीज में 3 मैचों की 2 पारियों में मात्र 31 रन बना पाए। सीरीज का तीसरा मैच बुधवार को बारिश के कारण रद्द रहा था और भारत को बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला। विराट के रेटिंग अंक 859 हैं और वह एक स्थान फिसलकर दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। सीरीज में 189 रन बनाने वाले दक्षिण अफ्रीका के कप्तान एक स्थान के सुधार के साथ फिर से नंबर एक बन गए हैं। सीरीज के तीनों मैचों में शतक ठोकने वाले दक्षिण अफ्रीका के विकेटकीपर बल्लेबाज 61 स्थान की छलांग के साथ 14वें नंबर पर पहुंच गए हैं।
भारतीय कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी अपने छठे स्थान पर बरकरार हैं लेकिन भारत के बाकी सभी बल्लेबाजों की रैंकिंग में गिरावट आई है। सीरीज में कुल जमा 12 रन बनाने वाले ओपनर शिखर धवन एक स्थान फिसलकर 9वें नंबर पर पहुंच गए हैं। रोहित शर्मा भी सीरीज में 37 रन ही बना पाए और 3 स्थान की गिरावट के साथ 18वें स्थान पर पहुंच गए। सुरेश रैना 4 स्थान फिसलकर अब 23वें नंबर पर पहुंच गए हैं। रैना ने सीरीज में 50 रन बनाए। दक्षिण अफ्रीका के ओपनर हाशिम अमला एक स्थान के सुधार के साथ अब तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं जबकि जे.पी. डुमिनी की रैंकिंग में 4 स्थान का सुधार हुआ है और अब वह 24वें स्थान पर आ गए हैं। वनडे टीम रैंकिंग में भारत 120 अंकों के साथ शीर्ष स्थान पर है। आस्ट्रेलिया (114) दूसरे, इंगलैंड (111) तीसरे, श्रीलंका (110) चौथे, दक्षिण अफ्रीका (110) 5वें और पाकिस्तान (100) छठे स्थान पर है।
