पत्थरों से पीट-पीटकर दोस्त की हत्या

बंजार (कुल्लू)। दो दोस्तों के बीच जाम छलकाने के बाद हुई कहासुनी एक की जान पर भारी पड़ गई। गुस्से में आकर एक दोस्त ने पत्थरों से पीट-पीटकर दूसरे की जान ले ली। बंजार में मंगलवार रात को रामू (37) और उसके दोस्त शेर सिंह (30) ने रामू के अस्थाई निवास पर पहले इकट्ठा बैठकर शराब पी। इसके बाद दोनों में किसी बात पर कहासुनी हो गई। इसी बीच शेर सिंह निवासी वरड़ा ने तैश में आकर रामू के सिर पर पत्थर से कई वार कर दिए। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। रामू करीब 14 साल से बंजार में रह रहा था और मजदूरी करता था। वह घराटनुमा मकान में रहता था। बहरहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक रामू ने नए जूते खरीदे थे। शराब पीते समय यही जूते ले जाने को लेकर शेर सिंह की उससे बहस हुई। इस बीच तैश में आकर शेर सिंह ने रामू के सिर पर पत्थरों से कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही एसएचओ बंजार चिंतराम शर्मा की अगुवाई में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तफ्तीश शुरू की। इसके बाद आरोपी के घर में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार शेर सिंह का मानसिक संतुलन ठीक नहीं है। उसका इलाज भी चल रहा था। सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी रविंद्र सिंह जम्बाल ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्हाेंने बताया कि पुलिस ने 117 -13 धारा 302 अईपीसी के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

Related posts