
मैहतपुर (ऊना)। स्थानीय औद्योगिक क्षेत्र के निकट मंगलवार रात टायरों की एक दुकान में अचानक आग लग जाने से दुकान के अंदर बिक्री के लिए रखे कई टायर जलकर राख हो गए। आग लगने की वजह शार्ट सर्किट बताया गया है। आग लगने का पता चलते ही स्थानीय लोगों ने दुकान के मालिक तथा दमकल विभाग ऊना और नंगल को इसकी सूचना दी। सूचना मिलने ही दमकल विभाग ऊना तथा नंगल से दो गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
हालांकि, इससे पहले दुकान के अंदर रखा सामान राख हो चुका था। दुकान के मालिक ने तीन लाख मूल्य का सामान जलने का अनुमान लगाया है। जानकारी के मुताबिक मंगलवार रात के वक्त औद्योगिक क्षेत्र के निकट हरि किशन जोशी निवासी गांव मोरबड़ की स्कूटर रिपेयर की दुकान के अंदर बिक्री के रखे पुराने तथा नए टायर जल गए। आगजनी की इस घटना में दुकान में रखे टायर, ट्यूब, साइकिल तथा दुपहिया वाहनों का सामान भी जलकर राख हो गया। दुकान के अंदर आग इतनी तेजी से भड़की कि दुकान की दीवारें भी क्षतिग्रस्त हो गई हैं। एसपी अनुपम शर्मा ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। एसपी के मुताबिक आगजनी की घटना में लगभग तीन लाख के नुकसान का अनुमान है।
