चार साल में पूरी होगा स्वां तटीकरण प्रोजेक्ट

ऊना। उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बुधवार को स्वां तटीकरण परियोजना के वृत्त कार्यालय का शुभारंभ किया। कहा कि महत्वाकांक्षी स्वां नदी बाढ़ प्रबंधन परियोजना के अंतर्गत आगामी चार वर्षों के दौरान 922 करोड़ 49 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस वृत्त के अंतर्गत मौजूदा ढांचे के अलावा एक डिवीजन तथा दो सब-डिवीजन खोले जाएंगे। इस परियोजना को चार वर्षों के भीतर पूरा किया जाएगा, जो विभाग के इंजीनियरों के लिए बहुत बड़ी चुनौती होगी।
इस वृत्त के लिए इसी माह से फंडिंग शुरू कर दी जाएगी तथा निर्माण कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया आरंभ करने के लिए भी उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए। उद्योग मंत्री ने बताया कि परियोजना के चौथे चरण के तहत दौलतपुर से गगरेट पुल तक 11 किलोमीटर लंबे क्षेत्र में स्वां नदी तथा दौलतपुर से संतोषगढ़ पुल तक स्वां नदी की सभी 73 सहायक खड्डों का भी तटीकरण किया जाएगा। 1200 किलोमीटर जलागम क्षेत्र सहित कुल 387.58 किलोमीटर क्षेत्र का तटीकरण किया जाएगा। ऊना जिला में औद्योगिक विकास की चर्चा करते हुए अग्निहोत्री ने कहा कि प्रसिद्ध औद्योगिक क्षेत्र टाहलीवाल को प्राकृतिक गैस लाइन बिछाने के लिए 15 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इस संबंध में टाहलीवाल स्थित नेस्ले, क्रीमिका तथा प्रितिका ऑटो कास्ट बड़े उद्योगों से करार भी किया गया है। इन उद्योगों को आगामी एक मार्च से गैस की सप्लाई आरंभ कर दी जाएगी। टाहलीवाल प्रदेश का ऐसा पहला औद्योगिक क्षेत्र होगा, जहां उद्योगों को प्राकृतिक गैस की आपूर्ति होगी।
इस अवसर पर पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष रामदास मलांगड़, जिला कांग्रेस अध्यक्ष वीरेंद्र धर्माणी, प्रदेश कांग्रेस के सदस्य सतपाल रायजादा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष जिला कांग्रेस अशोक ठाकुर, हरोली ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रणजीत राणा, कुटलैहड़ ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रविंद्र फौजी, जिला कांग्रेस प्रवक्ता विजय डोगरा, मार्केटिंग कमेटी के अध्यक्ष शिव कुमार सैणी, निदेशक सामान्य उद्योग निगम संजीव सैणी, निदेशक केसीसी बैंक राजीव गौतम, पूर्व विधायक गणेश दत्त भरवाल, आईपीएच के मुख्य अभियंता परवेज अख्तर, स्वां तटीकरण परियोजना के अधीक्षण अभियंता एमएन सैणी, एसडीएम धनवीर ठाकुर, डीएसपी सुरेंद्र शर्मा, अन्य अधिशाषी अभियंता तथा सहायक अभियंता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Related posts