
मैहतपुर (ऊना)। मैहतपुर पुलिस ने 30 मोबाइल और 12 हजार की नकदी चुराने के मामले में दो बच्चों सहित चार लोगों को काबू किया है। एसपी अनुपम शर्मा ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि प्रवासी मजदूर दंपति मुन्नी तथा राम चंद्रा सहित दो लड़कों को चोरी के आरोप में काबू किया है।
एसपी के मुताबिक पुलिस ने आरोपियों से दो मोबाइल भी बरामद किए हैं, जो 10 अक्तूबर को मैहतपुर के मुख्य बाजार की एक दुकान से चुराए गए थे। बताया गया है कि दुकान के शटर के ताले तोड़कर उक्त नाबालिग बच्चों ने दुकान से मोबाइल फोन तथा नकदी पर हाथ साफ किया था। दुकानदार राजेश कुमार ने चोरी की शिकायत मैहतपुर पुलिस में दर्ज करवाई थी। इस पर स्थानीय पुलिस ने गहनता से तफ्तीश को अंजाम देते हुए इन शातिरों को दबोचने में कामयाबी पाई है। पुलिस अधीक्षक के मुताबिक नाबालिग बच्चों से दुकान के शटर का ताला तोड़ने के लिए इस्तेमाल में लाई गई एक लोहे की रॉड तथा कुछ अन्य सामान भी बरामद किया है। सूत्रों ने बताया कि स्थानीय बाजार में 10 अक्तूबर की रात को चोरों ने सैमसंग म्यूजिक सेंटर में सेंध लगाकर मोबाइल समेत नकदी पर हाथ साफ कर दिया था। दुकान में चोरी की सूचना मिलते ही एएसपी वीरेंद्र ठाकुर ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू की थी। म्यूजिक सेंटर के मालिक ने बताया कि चोरी की इस घटना में 90 हजार का नुकसान हुआ है।
