
नादौन (हमीरपुर)। शहर में अब अतिक्रमणकारियों की खैर नहीं। पुलिस ने सभी दुकानदारों और रेहड़ी फड़ी वालों को चेतावनी जारी कर दी है। इसके बावजूद कोई कदम नहीं उठाया तो पुलिस सामान को जब्त कर लेगी। पुलिस का कहना है कि दुकान के बाहर सामान न सजाया जाए। साथ ही तिरपाल को भी दुकान के दायरे में ही लगाया जाए अन्यथा कार्रवाई होगी। मंगलवार को थाना प्रभारी शेर सिंह ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बस अड्डा के निकट दुकानों और रेहड़ी फड़ी वालों का निरीक्षण किया। उन्होंने देखा कि किस-किस ने कितना अतिक्रमण किया है। दुकानदारों को चेतावनी दी कि अतिक्रमण को बढ़ावा न दिया जाए। दुकान के भीतर ही सामान रखा जाए। निरीक्षण करने से कई दुकानदारों में हड़कंप मच गया। उन्होंने आनन फानन में दुकान से बाहर रखा सामान समेट लिया। थाना प्रभारी ने सभी दुकानदारों को चेता दिया है कि अतिक्रमण अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इससे न केवल राहगीरों को परेशानी होती है बल्कि अतिक्रमण को भी बढ़ावा मिलता है जोकि गैर कानूनी है। देखा देखी में सभी दुकानदार अतिक्रमण कर रहे हैं। उन्होंने तिरपाल लगाने वाले दुकानदारों को भी चेताया। कहा कि तिरपाल दुकान के दायरे में ही लगाया जाए। इससे स्ट्रीट लाइटों की रोशनी रुक जाती है और शहर में अंधेरा पसर जाता है। नगर पंचायत ने कुछ समय पूर्व मार्ग के दोनों ओर पीली पट्टी लगवाई थी। फिर भी दुकानदार तथा रेहड़ी-फड़ी वाले सामान आगे बढ़ा कर लगा देते हैं।
शहर में दुकानदारों तथा रेहड़ी-फड़ी वालों को अतिक्रमण करने पर चेतावनी दी गई है। यदि फिर भी यह क्रम जारी रहा तो पुलिसकड़ी कार्रवाई करेगी।
