कूहलों में गंदगी डालने वालों पर हो एफआईआर

बैजनाथ (कांगड़ा)। बीडीसी सदस्यों की बैठक का आयोजन समिति हाल में अध्यक्ष अशोक नंदा की अध्यक्षता में किया गया। इसमें बीडीओ राजीव सूद विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में तीन माह पूर्व डाले गए विकास कार्यों की समीक्षा की गई और सरकारी विभागों से उन कार्यों की प्रगति रिपोर्ट मांगी गई। दियोल वार्ड के बीडीसी राजकुमार ने दियोल करनाथू मार्ग की खस्ता हालत पर चिंता जताते हुए मार्ग की दशा को जल्द सुधारने की मांग की। उन्होंने कहा कि राशि मंजूर होने के बावजूद विभाग कार्य शुरू नहीं कर रहा है। जिला पार्षद तिलक राज द्वारा मिनी सचिवालय में शौचालयों की संबंध में डाले गए प्रस्ताव के संबंध में पार्षद अक्षय जसरोटिया ने इन्हें शुरू करवाने के आदेश जारी करवाने का आग्रह किया। अक्षय ने बैजनाथ बाजार में बंद पड़ी रेड लाइट्स को सुचारु करवाने की मांग रखी। वहीं बीडीसी सदस्य प्रवीण पालसरा ने पंचायतों में स्थापित की जा रही सोलर लाइटों के संबंध में एग्रीमेंट की प्रतियां समस्त बीडीसी को उपलब्ध करवाने की बात कही। ग्वालदीन बस सेवा को शुरू करने, कुंसल बही मार्ग की दशा सुधारने, गदियाडा पंचायत में किसानों को सिंचाई योग्य पानी मुहैया करवाने, सुनपुर में पेयजल की समस्या को दूर करने और गांव के हैंडपंप में मोटर लगाने, सराजडा में खराब पड़े विद्युत ट्रांसफार्मर को बदलने, आईपीएच की कूहलों में गंदगी डालने वाले निजी संस्थानाें और अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाने, बैजनाथ के लिए डंपिंग साइट उपलब्ध करवाने आदि समस्याओं पर चर्चा करते हुए इनका समाधान करने संबंधी आदेश पारित किए गए। बीडीओ राजीव सूद ने कहा कि सोलर लाइटों की स्थापना में पूरी पारदर्शिता बरती गई है।

Related posts