
चंपावत। आठ दिन से चली आ रही कलक्ट्रेट कर्मचारियों की हड़ताल से सोमवार को लोगों को निजात मिलेगी। कर्मचारियों के हड़ताल में रहने से कलक्ट्रेट और तहसील में प्रमाण पत्र व अन्य कार्यों के लिए आ रहे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
कलक्ट्रेट और जिले की चारों तहसीलों के साथ बाराकोट उप तहसील के मिनिस्ट्रीयल कर्मी दो दिसंबर से सात दिसंबर तक कामबंद हड़ताल पर थे। शनिवार को हड़ताल का आखिरी दिन था। रविवार के अवकाश के बाद कर्मचारी इस माह पहली बार नौ दिसंबर को कार्यालय में बैठेंगे। कलक्ट्रेट मिनिस्ट्रीयल एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष गुसाई सिंह किरौला का कहना है कि विभागीय पुनर्गठन, नायब तहसीलदार के पदोन्नति से भरे जाने वाले पदों पर कलक्ट्रेट मिनिस्ट्रीयल का 10 फीसदी कोटा रखने और मुख्य राजस्व आयुक्त की अध्यक्षता में गठित कमेटी की सिफारिशों के क्रियान्वयन को लेकर कर्मचारी हड़ताल पर चले गए थे। उन्होंने कहा कि यदि कर्मचारियों की मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे फरवरी से आंदोलन करने का बाध्य होंगे।
