थारुलैंड की भूमि पर अवैध प्लाटिंग

सितारगंज। क्षेत्र में अवैध रूप से थारुलैंड की भूमि पर प्लाटिंग की जा रही है। प्रशासन को इसकी भनक लगने पर एएसडीएम ने मौके पर पहुंचकर अवैध प्लाटिंग का कार्य रुकवा दिया। एएसडीएम ने तहसीलदार को पट्टा निरस्तीकरण के आदेश भी दिए हैं।
सोमवार को ग्रामीणों की शिकायत पर अपर उपजिलाधिकारी ऋचा सिंह राजस्व कर्मियों के साथ हल्दुआ गांव में मंगल सिंह पुत्र हरि सिंह के पट्टे की डेढ़ बीघा जमीन अतिक्रमणकारियों से मुक्त कराई और पट्टाधारक को कब्जा दिलाया। इससे पूर्व एएसडीएम ने तुर्कातिसौर गांव में थारुलैंड की भूमि खसरा संख्या-128/1, 2 का निरीक्षण किया। यहां अवैध रूप से प्लाटिंग होते मिली। अपर उपजिलाधिकारी ऋचा सिंह ने प्लाटिंग का कार्य रुकवा दिया और तहसीलदार आरसी गौतम को खसरा संख्या-128 में स्थित दो बीघा पट्टे की जमीन का पट्टा निरस्त करने के निर्देश दिए। इधर शक्तिफार्म पुलिस चौकी के पास से भी एएसडीएम ने अतिक्रमण हटवाया। कहा कि क्षेत्र में अवैध रूप से प्लाटिंग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर पटवारी भुवन सती आदि थे।

Related posts