
हमीरपुर। सत्ता के सेमीफाइनल में चार राज्यों में भाजपा की बेस्ट परफारमेंस के चलते भाजपा कार्यकर्ताओं ने हमीरपुर से पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के घर समीरपुर तक विजय रैली निकाली। हालांकि टौणीदेवी स्कू ल में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की जनसभा थी। जैसे ही विजय रैली टौणीदेवी स्कूल के पास पहुंची तो पुलिस ने विजय रैली को रोक दिया। पुलिस के विजय रैली को रोकते ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी शुरू कर दी। इससे टौणीदेवी कस्बा भाजपा कार्यकर्ताओं के नारों से गूंज उठा। कार्यकर्ताओं ने गाड़ियों से उतरकर नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदेश सरकार और प्रशासन के खिलाफ भी नारेबाजी शुरू कर दी। इससे पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं में माहौल तनावपूर्ण हो गया। पुलिस अधीक्षक वीना भारती ने भी मोर्चा संभालते हुए मौके पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं को शांत करवाया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने बताया कि उनका उद्देश्य मुख्यमंत्री की जनसभा को प्रभावित करना नहीं है बल्कि पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के घर पहुंचकर उन्हें बधाई देना है। इसके बाद रैली प्रेम कुमार धूमल के घर समीरपुर रवाना हुई। विजय रैली में पूर्व विधायक उर्मिल ठाकुर, हमीरपुर भाजपा महामंत्री विजयपाल सोहारू, भाजयुमो पंजाब प्रांत प्रभारी नरेंद्र अत्री, भाजयुमो मंडलाध्यक्ष हमीरपुर सुरजीत ठाकुर, राकेश ठाकुर, मनोज शर्मा, अजय रिंटू, पवन शर्मा, सुनील शर्मा, अंकुश दत्त, उदयवीर, पंकज ठाकुर, अजय शर्मा आदि मौजूद रहे।
