
टौणी देवी (हमीरपुर)। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने सोमवार को सुजानपुर दौरे में तीन करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों के उद्घाटन और शिलान्यास किए। सीएम ने राजकीय उच्च पाठशाला चमयाणा में 42.86 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित साइंस ब्लाक का लोकार्पण किया। उसके बाद राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पटलांदर में 78.70 लाख रुपए की लागत से नवनिर्मित साइंस ब्लाक का लोकार्पण किया। तत्पश्चात राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोट में 85 लाख रुपये की लागत से निर्मित साइंस ब्लाक का लोकार्पण किया। 63 लाख रुपये की लागत से बनने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोट के भवन का शिलान्यास तथा टौणी देवी में 62 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के आवासीय भवन का शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री ने टौणी देवी में जनसभा को भी संबोधित किया। कहा कि उनके लिए पूरा देश, पूरा हिमाचल एक है। हिमाचल में क्षेत्रवाद, धर्म, जाति के नाम पर वह राजनीति नहीं करते। ऊपर और नीचे का भेदभाव नहीं रखते।
मुख्यमंत्री ने चौरी, उटपुर स्वास्थ्य केंद्रों का निर्माण कार्य शिलान्यास का इंतजार किए बिना शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही विधायक की मांगों को भी पूरा करने का आश्वासन दिया।
विधायक राणा ने रखी मांगें
सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा ने टौणी देवी में आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री का स्वागत किया तथा प्रवास के लिए आभार जताया। उन्होंने टौणी देवी में आईटीआई खोलने, भलेठ, मझोग सुल्तानी स्कूलों को स्तरोन्नत करने, टौणी देवी में आईपीएच रेस्ट हाउस का निर्माण करवाने, कक्कड़, चमयाणा पंचायतों, निहार बल्ली, थाथी गांव में अधूरे पड़े सड़क मार्गों का कार्य पूरा करवाने के निर्देश देने की मांग की। साथ ही टौणी देवी में कोषागार खोलने, टौणी देवी से मुकेरियां के लिए बस सेवा शुरू करने, तहसील के लिए अपना भवन, वर्तमान तहसीलदार की सेवानिवृत्ति पर नए तहसीलदार की तैनाती का आग्रह किया। मांगों पर मुख्यमंत्री ने जल्द कार्रवाई की बात कही।
हमारी पार्टी को रगड़ दिया
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान साथ खड़े विधायक राणा ने मांगों को लेकर याद करवाया। मुख्यमंत्री ने प्रशंसा करते हुए कहा कि बहुत अच्छे आदमी हैं, काफी अच्छा काम भी कर रहे हैं। हालांकि विस चुनाव में उन्होंने हमारी पार्टी को रगड़ दिया था। टिप्पणी कर स्वयं मुख्यमंत्री ठहाका लगाकर हंस पड़े, पंडाल में भी हंसी गूंजी।
यह थे उपस्थित
कार्यक्रम के दौरान मुख्य संसदीय सचिव इंद्रदत्त लखनपाल, ज्वालामुखी के विधायक संजय रतन, केसीसी बैंक के चेयरमैन जगदीश सिपहिया, वाइस चेरयमैन एवं पूर्व विधायक कुलदीप पठानिया, प्रदेश कांग्रेस महासचिव सुनील शर्मा, कांग्रेस प्रवक्ता दीपक शर्मा, पूर्व विधायक करम सिंह, मनजीत डोगरा, एपीएमसी के अध्यक्ष प्रेम कौशल, केसीसी बैंक के निदेशक अनिल वर्मा, कर्नल बीसी लगवाल, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष नरेश ठाकुर, महिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश रानी वर्मा, मुंशी राम, जिप सदस्य एवं महिला आयोग की सदस्य प्रोमिला देवी, रमेश डोगरा, राजेश चौधरी, सुमन भारती, उपायुक्त आशीष सिंहमार, पुलिस अधीक्षक वीना भारती, उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा रेणु कौशल, उच्च शिक्षा उपनिदेशक सोम दत्त, तेजनाथ, अरुण ठाकुर, अरविंद्र कौर सहित अन्य उपस्थित थे।
