
ऊना। जिला स्तरीय शिकायत निवारण कमेटी की बैठक में सोमवार को ऊना शहर और अन्य क्षेत्रों में सीवरेज तथा ड्रेनेज को लेकर खूब हंगामा हुआ। इसके अलावा स्टेट रोड प्रोजेक्ट के तहत बन रही सड़क और नालियों को लेकर भी खूब गहमागहमी हुई। एक सदस्य ने उद्योग मंत्री के सामने कहा कि ऊना शहर में कई स्थान ऐसे हैं, जहां से गुजरना मुश्किल है। सीवरेज लाइन में लीकेज के कारण आसपास के घरों में रहने वाले लोगों और स्थानीय कारोबारियों को मुश्किल हो रही है।
इस पर सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग के अधिशासी अभियंता ने धनराशि की कोई कमी न होने का तर्क दिया। इस पर सदस्य ने कहा कि जब धन की कमी नहीं है तो लीकेज को ठीक क्यों नहीं करते? हीरा ने जवाब दिया कि लोग सीवरेज लाइन में कूड़ा-करकट तथा अन्य चीजें फेंक रहे हैं, जिससे ब्लाकेज और लीकेज की समस्या पैदा हो रही है और ट्रीटमेंट प्लांट भी इससे फेल हो सकता है। उन्होंने कहा कि सीवरेज सिस्टम तैयार है, बस अब कनेक्शन बांटे जाने हैं। वहीं शहर में भयंकर रूप धारण कर चुकी ड्रेेनेज की समस्या पर भी बबाल मचा। इस पर उद्योग मंत्री ने निर्देश दिए कि नप को विश्वास में लेकर शहर में जहां जरूरत है, वहां नालियों का निर्माण कराया जाए।
