
ऊना। बौल क्षेत्र के एक डिपो होल्डर को खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की ओर से नोटिस जारी किया जा रहा है। विभाग की टीम ने कुछ दिन पहले क्षेत्र की कई उचित मूल्य की दुकानों में छापे मारे थे। इस कार्रवाई के दौरान एक डिपो में राशन का रिकार्ड सरकारी दस्तावेजों और गोदाम में रखे माल से मेल नहीं खा रहा था। जब टीम ने छानबीन की तो बड़े पैमाने पर धांधलियां उजागर र्हुइं।
विभिन्न दालों और अन्य राशन वितरण में भी गोलमाल का खुलासा हुआ था। उड़द की दाल का रिकार्ड में पूरा वितरण दर्शाया गया था। जब गोदाम की तलाशी ली गई तो उड़द मुहैया कराए गए कोटे से दो तीन गुणा अधिक मात्रा में मिली। सवाल यह उठ खड़ा हुआ कि जब कागजों में भी उड़द वितरण पूरा दर्शाया है तो गोदाम में मुहैया खेप से ज्यादा दाल क्यों है? सरकारी पैकिंग भी वैसी की वैसी ही पाई गई। इस कार्रवाई के बाद जिले भर के अन्य डिपो होल्डरों में भी हड़कंप मचा हुआ है। पता चला है कि इस कार्रवाई के बाद कई डर के मारे अन्य डिपो होल्डरों ने भी अपना पूरा रिकार्ड और गोदाम में रखा माल दुरुस्त करने के लिए दिन रात खूब कसरत की है। जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक यादवेंद्र ने कहा कि बौल क्षेत्र के इस डिपो होल्डर को नोटिस जारी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नोटिस के जरिये डिपो होल्डर से जवाब मांगा जाएगा। उन्होंने कहा कि जवाब मिलने के बाद डिपो होल्डर का लाइसेंस रद भी हो सकता है।
