विजिलेंस को प्रधान और उसके पति तलाश

ऊना। विजिलेंस एंड एंटी करप्शन ब्यूरो ने सरकारी पाइपों के गोलमाल में आरोपी प्रधान और उसके पति की गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज कर दिया है। ब्यूरो की टीम ने सिध चलेहड़ इलाके में शनिवार को दबिश देकर 45 सरकारी पाइपों को कब्जे में ले लिया था। सिंचाई योजना के लिए आई इन पाइपों को पेयजल योजना में इस्तेमाल करके पेयजल योजना को स्वीकृत राशि को डकारने के आरोप हैं। प्रधान और उसके पति के खिलाफ ब्यूरो ने मामला दर्ज कर रखा है। इन दोनों की गिरफ्तारी के लिए ब्यूरो ने मुहिम तेज कर दी है। बताया जा रहा है कि रविवार को भी ब्यूरो की टीम ने इलाके में दबिश देकर आरोपी महिला प्रधान और उसके पति को गिरफ्तार करना चाहा लेकिन दोनों आरोपी दबिश की भनक लगते ही फरार हो गए। ब्यूरो की टीम को मौके से खाली हाथ लौटना पड़ा। विजिलेंस एंड एंटी करप्शन ब्यूरो के डीएसपी विजय सकलानी ने कहा कि घपले की जांच तेज कर दी गई है। उन्होंने कहा कि आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Related posts