
भोरंज (हमीरपुर)। वामपंथी संगठनों सीटू, नौजवान सभा और एसएफआई के संयुक्त तत्वावधान में सरकार के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया गया। कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर अपनी भड़ास निकाली। कार्यकर्ताओं ने एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा।
संगठन के नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में सरकारी डिपुओं से राशन गायब हो गया है। आम जनता को राशन के लिए डिपुओं के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। डिपुओं से कभी दालें तो कभी तेल गायब हो रहा है। स्पष्ट है कि प्रदेश में आढ़तियों का राज चल रहा है। कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के अस्पतालों में एक निजी कंपनी को टेस्ट का ठेका देने का भी कड़ा विरोध किया है। इससे मरीजों का महंगा उपचार होगा वहीं निजीकरण को भी बढ़ावा मिलेगा। नेताओं का आरोप है कि भोरंज क्षेत्र में सरकारी बसें भी नाममात्र रह गई हैं। लोगों को सरकारी बसों में पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिल पा रही है। कंज्याण डिग्री कॉलेज के लिए छात्रों को पैदल जाना पड़ रहा है। उन्होंने सुबह और शाम कंज्याण कॉलेज के लिए बसें लगाने की मांग की है। इसके अलावा मनरेगा में 100 दिन का रोजगार सुनिश्चित करने, स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत कार्ड बनाने, मजदूरी 250 रुपये करने की भी मांग की। धरना-प्रदर्शन में प्रदेश महासचिव कश्मीर सिंह ठाकुर, जिलाध्यक्ष जोगेंद्र कुमार, सचिव प्रताप राणा, अनिल मनकोटिया, प्रवीन कुमार, अंजना, सुमन, विजय लक्ष्मी, रंजना देवी, राजकुमारी, कौशल्या, पवन आदि मौजूद रहे।
