पैसा डबल करने का झांसा देकर ठगे लाखों

सलूणी (चंबा)। विकास खंड सलूणी की ग्राम पंचायत कंधवारा के एक दर्जन लोगों को पैसा डबल करने के चक्कर में दो लाख 40 हजार रुपये का चूना लगा है। जानकारी के मुताबिक गांव बिल्ला के एक दर्जन लोगों ने पुलिस थाना किहार में शिकायत दर्ज करवाई है कि स्थानीय निवासी बुधि प्रकाश पुत्र कांशी राम ने उनसे दो लाख 40 हजार रुपये की ठगी की है। बुधि प्रकाश राजकीय उच्च विद्यालय मंगली में अध्यापक पद पर सेवाएं दे रहा है। दो साल पहले बुधि प्रकाश ने यह कहकर उनसे पैसे लिए कि दो साल के बाद उनका पैसा डबल हो जाएगा। उन्होंने कहा कि दो वर्ष के बाद लोगों ने पैसा मांगा तो वह डबल पैसा देने से मुकर गया। ठगी के शिकार लोगों ने 22 जनवरी को किहार थाना में शिकायत दर्ज करवाई। उन्होंने बताया कि बुधि सिंह ने प्रताप चंद से 63 हजार, नागेश से 11 हजार, अशोक कुमार से 22 हजार, माधो राम से 11 हजार, ज्ञान चंद से 33 हजार, नारदेई 28 हजार 500, सुरेंद्र कुमार और दिनेश कुमार से 11-11 हजार, रूनी राम से 11 हजार रुपये वसूल किए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि डबल पैसे के चक्कर में वे घर पर बैठे रहे, लेकिन पैसा न मिलने के कारण पुलिस की शरण लेनी पड़ी। इस बारे में डीएसपी सलूणी विनोद धीमान ने कहा कि पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। आगामी छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने आईपीसी की धारा 420, 120वी के तहत मामला दर्ज किया है।

Related posts