हमीरपुर में दिखेगी राज्यों की संस्कृति

हमीरपुर। हमीरपुर में देश के विभिन्न राज्यों की संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। सात जनवरी को नेहरू युवा केंद्र (एनवाईके) के सौजन्य से पांच दिवसीय राष्ट्रीय एकीकरण शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसमें पंजाब, हरियाणा, असम, बिहार, उत्तरप्रदेश और जम्मू कश्मीर के करीब डेढ़ सौ युवा अपने-अपने राज्यों की संस्कृति की छटा बिखेरेंगे।
अतिरिक्त उपायुक्त बलबीर ठाकुर ने वीरवार को राष्ट्रीय एकीकरण शिविर की तैयारियों को लेकर बैठक की। उन्होंने बताया कि आठ वर्ष बाद राष्ट्रीय एकीकरण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इसमें विभिन्न प्रांतों की संस्कृति को समझने का मौका मिलता है। शिविर के दौरान युवाओं को महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण, नशा निवारण, भारत के इतिहास, कौशल विकास सहित ज्वलंत विषयों पर विशेषज्ञ जानकारी देंगे। शिविर में सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन पर भी विस्तार से चर्चा की जाएगी। इसके अतिरिक्त विभिन्न राज्यों के प्रतिभागी सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत करेंगे। पारंपरिक वेशभूषा के साथ हमीरपुर में शोभा यात्रा भी निकाली जाएगी। अनेकता में एकता भारत की विशेषता को दर्शाती हुई प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी।
शिविर में भारत के स्वतंत्रता सेनानियों एवं इतिहास से जुड़ी प्रमुख घटनाओं के बारे में भी प्रदर्शनी के माध्यम से जानकारी दी जाएगी। नेहरू युवा केंद्र के समन्वयक भारत शाह ने मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए राष्ट्रीय एकीकरण शिविर के बारे में जानकारी दी। बैठक में जिला युवा सलाहकार समिति के सरकारी तथा गैर सरकारी सदस्य भी उपस्थित थे।

Related posts