
चंबा। जिला अस्पताल में तैनात चिकित्सक डा. पूनम जामला का तबादला हो गया है। उनका तबादला होने से इस माह अस्पताल से जाने वाले चिकित्सकों की संख्या चार पहुंच गई है। जिला अस्पताल से लगातार हो रहे चिकित्सकों के तबादलों से अस्पताल प्रबंधन सहित मरीजों की परेशानी बढ़ गई है। डा. पूनम जामला का ट्रांसफर पीएचसी होली में हुआ है। बीते तीन माह से जिला अस्पताल से जिला अस्पताल से चार चिकित्सकों के तबादले हुए हैं। तबादले होने के बाद से एक भी चिकित्सक ने जिला अस्पताल में ज्वाइन नहीं किया है। जिला अस्पताल से डेंटिस्ट डा. अजय कपूर, एमबीबीएस डा. नवदीप जोशी व डा. दुष्यंत का तबादला हुआ था। उनके स्थान पर अभी तक किसी भी चिकित्सक ने जिला अस्पताल में ज्वाइन नहीं किया है। जिला अस्पताल से लगातार हो रहे चिकित्सकों के तबादलों के चलते ओपीडी में भी चिकित्सक नहीं दिख रहे हैं। साथ ही विशेषज्ञ चिकित्सकों के रूम के बाहर मरीजों की लंबी कतारें लग रही हैं। इससे विशेषज्ञ चिकित्सकों के कंधों पर बोझ बढ़ गया है। जिला अस्पताल के एकमात्र एमडी मरीजों की संख्या अधिक होने के चलते निर्धारित समय के बाद भी मरीजों को चैकअप कर रहे हैं।
जिला अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डा. विनोद शर्मा ने बताया कि डा. पूनम जामला चार दिसंबर को जिला अस्पताल से रिलीव हो गई हैं। उनकी ट्रांसफर होली पीएचसी में हुई है।
इंसेट …….
इमरजेंसी में ड्यूटी लगाने में हो रही दिक्कतें
जिला अस्पताल से चिकित्सकों के लगातार हो रहे तबादलों से अस्पताल प्रबंधन के आगे मुश्किलें खड़ी हो गई हैं। अस्पताल प्रबंधन को इमरजेंसी में नाइट ड्यूटी लगाने में काफी दिक्कतें पेश आ रही हैं। बीच में कोई चिकित्सक जरूरी कार्य के चलते छुट्टी पर चला जाता है या कोई कोर्ट में पेशी आ जाती है तो अस्पताल में चिकित्सकों की कमी के चलते काफी दिक्कतें पेश आती हैं। इमरजेंसी में विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती करने से उनका बाकी का काम प्रभावित होता है।
