
बकाणी (चंबा)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बकाणी का वार्षिक समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। समारोह में स्कूली बच्चों ने रंगारंग प्रस्तुतियां देकर इसको यादगार बना दिया। समारोह में बकाणी वार्ड के जिला परिषद अमित भरमौरी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। स्कूल के प्रधानाचार्य अजय कुमार और समस्त स्टाफ ने मुख्य अतिथि का स्कूल में पधारने पर गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। कार्यक्रम का आगाज सरस्वती वंदना के साथ हुआ। मुख्य अतिथि ने कार्यक्रम का आगाज दीप प्रज्जवलित कर किया। इसके बाद स्कूली बच्चों ने पंजाबी व पहाड़ी गानों में खूब धमाल मचाया। बच्चों ने राधा तेरी चुनरी व साहबो भरमौरिया गानों पर डांस पेश कर उपस्थित लोगों की तालियां बटोरीं। प्रधानाचार्य अजय कुमार ने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट पढ़ी और स्कूल की उपलब्धियां रखीं। मुख्य अतिथि अमित भरमौरी ने स्कूल प्रबंधन को 11 हजार रुपये दिए और मेधावी बच्चों सुदर्शन, मक्खन सिंह, विनय कुमार, अजय, सपना व अनीता को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस मौके पर मुख्य अतिथि ने कहा कि स्कूली बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ अन्य गतिविधियों में भी बढ़-चढ़ कर भाग लेना चाहिए। इस मौके पर एसएमसी के प्रधान मदन कपूर, यूथ कांग्रेस के सचिव मदन लाल, वार्ड पंच केवल कुमार, लोकेंद्र, मनोज कुमार, देसराज कपूर, शिक्षक विरेंद्र, राजेश वर्मा व मनजीत वर्मा मौजूद रहे।
