सर्दी के साथ आया वायरल, सर्दी और जुकाम

कुल्लू। जिले में वायरल, सर्दी और जुकाम ने लोगों को जकड़ लिया है। शुष्क ठंड ने अपना रंग दिखाया है। क्षेत्रीय अस्पताल सहित जिले के दूसरे स्वास्थ्य केंद्रों सहित निजी अस्पतालों में हर रोज मरीज पहुंच रहे हैं। अस्पतालों में भारी भीड़ है। चिकित्सक शुष्क ठंड से बचने की सलाह दे रहे हैं। क्षेत्रीय अस्पताल में उपचार करने पहुंचे खराहल घाटी के राजेश, संजय कुमार, हीरा देवी, बंजार के राजू तथा तेज राम ने कहा कि वह पिछले चार दिन से जुकाम और सर्दी की चपेट में हैं। दवा ली है लेकिन खास फर्क नहीं पड़ रहा है। उन्होंने अस्पताल में आकर संबंधित चिकित्सकों से जांच करवाई है। इलाज के लिए आनी से आई कांता तथा सेवती देवी ने कहा कि जुकाम, खांसी के साथ छाती जाम है। वायरल की शिकायत भी है। पांच दिन हो गए लेकिन कोई राहत नहीं मिली है। इधर, बीएमओ निरमंड संजय कुमार ने बताया कि निरमंड अस्पताल में अस्पताल में हर रोज सर्दी, जुकाम से पीड़ित 60 से 70 मरीज आ रहे हैं। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डा. सुशील चंद्र शर्मा ने कहा कि शुष्क ठंड होने से इस तरह की स्थिति पैदा हुई है। विभाग स्थिति को निपटने के लिए प्रयासरत है। दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक है। जिले भर के अस्पतालों पर नजर है। अस्पताल में सूचना कक्ष स्थापित किया गया है, जो हर सोमवार को पूर जिले की स्थिति को अपडेट कर रहा है।

…ऐसे करें बचाव
– ठंड से बचें और गर्म कपड़े पहने
– ठंडा खाने से परहेज करें
– गुनगुने पानी का प्रयोग करें
– नंगे पैर न चलें और सुबह शाम टोपी पहनें
– सर्दी, जुकाम की शिकायत पर चिकित्सक की सलाह लें

Related posts