गांधीनगर में दिनदहाड़े लाखों की चोरी

कुल्लू। शहर से सटे गांधीनगर में चोरों ने दिनदिहाडे़ एक घर के ताले तोड़ लाखों रुपये जेवरों और नकदी पर हाथ साफ कर दिया है। शहर में दिन प्रतिदिन बढ़ रही चोरी की घटनाओं से लोग दहशत में हैं। हालत यह है कि शातिरों को अब पुलिस का भी खौफ नहीं रहा है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शहर के साथ सटे गांधीनगर में अज्ञात चोरों ने दिनदहाड़े लाखों के सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया है। पुलिस ने मकान मालकिन की शिकायत पर भादंसं की धारा 454 और 380 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दिया है।
पुलिस को दिए शिकायत पत्र में गांधीनगर निवासी राम शिवा ने कहा है कि वह 2 दिसंबर को दिन के समय बाजार में खरीदारी करने के लिए गई हुई थी। जब वापस लौटी तो घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। अदंर जाकर देखा तो कमरे में सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी में जाकर देखा तो सोने की चेन, पैंडल, झुमके, घडी समेत चांदी के गहने और साढ़े तीन हजार नकदी गायब थी। डीएसपी संजय शर्मा ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने वारदात वाली जगह की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी करवाई गई है। डीएसपी ने कहा कि पुलिस जल्द ही अज्ञात चोरों को पकड़कर सलाखों के पिछे डाल देगी। जांच का जिम्मा पीएसआई ओम ठाकुर को सौंपा गया है।

Related posts