वनों की रक्षा को विशेष टीमें गठित

काईस (कुल्लू)। कुल्लू के जंगलों में अवैध कटान को रोकने के लिए वन विभाग कड़े कदम उठाने की तैयारी में है। विभाग ने कुल्लू जिला और लाहौल स्पीति की 144 बीटों में टास्क फोर्स का गठन किया गया है। एक टीम में करीब आरओ की अगुवाई में करीब चार कर्मचारी होंगे। ये टीमें दिन-रात वन बीटों में पेट्रोलिंग करेंगी। हाल ही में पाहनाला क्षेत्र और खराहल घाटी के जंगलों में हुए अवैध कटान पर कड़ा संज्ञान लेते हुए वन विभाग ने वन काटुओं पर पता लगाने के लिए अभियान छेड़ दिया है। इसके लिए विभाग घर-घर जाकर दबिश देगा। गौरतलब है कि घाटी में आए दिन अवैध लकड़ी बरामद की जा रही है। अधिकतर मामलों को रात के अंधरे में अंजाम दिया जा रहा है। विभाग ने इस पर रोक लगाने के लिए विशेष टीमों का गठन किया है। जानकारी के मुताबिक वन काटू रात के समय अवैध कटान को अंजाम दे रहे हैं। इसी के चलते वन विभाग ने विभिन्न बीटों पर विशेष गश्ती दल तैनात करने की योजना बनाई है।
इस संबंध में वन अरण्यपाल जीसी होजर ने बताया कि वन विभाग ने जिला की सभी बीटों की देखभाल के लिए विशेष टीमों का गठन किया है। साथ ही जिला के डीएफओ समेत रेंज ऑफिसर को सतर्क रहने के लिए कहा गया है। उन्होंने कहा कि टीमें दिन-रात गश्त करेंगी और वन संपदा को नुकसान पहुंचाने वाले पर बख्शा नहीं जाएगा।

Related posts