आखिरकार पकड़ा गया आसाराम का बेटा नारायण साईं

आखिरकार पकड़ा गया आसाराम का बेटा नारायण साईं

नई दिल्ली: सूरत में यौन उत्पीडऩ के मामले में गिरफ्तारी से बचकर भाग रहे नारायण साईं को दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने दबोच लिया है। नारायण साईं आसाराम का बेटा है। पुलिस ने जब साईं को पकड़ा तब वह सिखों की वेशभूषा में था। पुलिस से बचने के लिए उसने यह वेशभूषा धारण की हुई थी। पुलिस (अपराध) के अतिरिक्त आयुक्त रविंद्र यादव ने आज प्रेस ट्रस्ट को बताया, ‘‘नारायण साईं को दिल्ली-हरियाणा सीमा से गिरफ्तार किया गया है। उसके एक सहयोगी हनुमान को भी उसके साथ गिरफ्तार किया गया है।’’

दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने कहा कि गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने सिख जैसा वेश बना रखा था। अहमदाबाद में राज्य पुलिस महानिदेशक प्रमोद कुमार ने कहा कि साईं 50 से भी ज्यादा दिनों से फरार था। दो बहनों द्वारा नारायण और उसके पिता आसाराम के खिलाफ सूरत की जहांगीरपुरा पुलिस चौकी में बलात्कार की शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद, पिछले दो माह से वह कई राज्यों की पुलिस को चकमा देता रहा है।

गुजरात पुलिस का एक दल अक्तूबर के बीच में दिल्ली आया था और उसने रोहिणी, नजफगढ़, जफरपुर कलां और रिज रोड स्थित आसाराम के आश्रमों पर कई छापे मारे थे लेकिन नारायण साईं का पता नहीं लगा सका था। बाद में रिज रोड स्थित आश्रम के प्रभारी धर्मेंद्र पेरियार उर्फ धर्मेश (28) को साईं को राजधानी से निकालने में मदद करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।

Related posts