दिल्ली विधानसभा चुनाव: सोनिया, अंसारी और केजरीवाल ने किया मतदान

दिल्ली विधानसभा चुनाव: सोनिया, अंसारी और केजरीवाल ने किया मतदान

नई दिल्ली: दिल्ली विधानसभा के लिए आज हो रहे चुनाव में सबसे पहले मतदान करने वालों में उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी, आम आदमी पार्टी के अरविंद केजरीवाल और दिल्ली के मुख्य चुनाव अधिकारी विजय देव सहित अन्य लोग शामिल रहे।

सोनिया गांधी ने वोट डाला

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने आज नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र के निर्माण भवन स्थित बूथ पर अपना वोट डाला। दिल्ली विधानसभा चुनाव में पार्टी की लगातार चौथी बार जीत हासिल करने पर नजर है। शीला दीक्षित के साथ सोनिया ने निर्माण भवन स्थित एक मतदान केंद्र पर सुबह 10 बजे वोट डाला। कांग्रेस अध्यक्ष नई दिल्ली क्षेत्र की मतदाता है जहां से मुख्यमंत्री शीला दीक्षित चुनाव लड़ रही हैं। इस सीट से दो अन्य प्रमुख उम्मीदवार प्रतिस्पर्धा में है जिसमें आम आदमी पार्टी के अरविंद केजरीवाल और दिल्ली प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष विजेन्द्र गुप्ता मुकाबले में हैं।

केजरीवाल और अंसारी ने किया मतदान
केजरीवाल ने सुबह सवा आठ बजे हनुमान रोड स्थित बूथ संख्या 47 पर मतदान किया। इस क्षेत्र से मतदाता उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी और दिल्ली के मुख्य चुनाव अधिकारी विजय देव समेत अन्य लोगों ने भी वोट डाले। अंसारी नई दिल्ली सीट पर सुबह आठ बजकर 10 मिनट पर निर्माण भवन स्थित बूथ संख्या 8586 पर पहुंचे। मुख्य चुनाव अधिकारी ने उम्मीद जताई कि लोग भारी संख्या में मतदान कर रिकार्ड बनाएंगे। उन्होंने कहा, ‘‘ मुझे विश्वास है कि दिल्ली के लोग मतदान का नया रिकार्ड बनायेंगे।

लोगों में चुनाव के प्रति भारी उत्साह है।’’ साल 2008 के विधानसभा चुनाव में मतदान का प्रतिशत 57.58 रहा। शीला दीक्षित पिछले 15 वर्षो से इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रही हैं और उनके विकास के मॉडल को क्षेत्र में कड़ी परीक्षा का सामना करना पड़ रहा है जहां के 1.18 लाख मतदाताओं में 60 प्रतिशत सरकारी कर्मचारी और उनके परिवार के सदस्य हैं। इस सीट पर सोनिया के मतदान करने से कुछ ही देर पहले सांसद मेनका गांधी ने भी वोट डाला था।

राहुल गांधी ने वोट डाला
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने आज सुबह दिल्ली विधानसभा चुनाव में अपने मताधिकार का उपयोग किया। उजला कुर्ता-पायजामा और बंडी पहने राहुल ने नई दिल्ली सीट के औरंगजेब लेन स्थित बूथ संख्या 88 पर मत डाला जहां से शीला दीक्षित उम्मीदवार हैं। अमेठी के सांसद राहुल साढ़े 10 बजे मतदान केंद्र पर पहुंचे जहां कतार में उनसे आगे 25 लोग थे। औरंगजेब लेन के मतदान केंद्र पर एक ईवीएम मशीन में खराबी आ गई थी लेकिन इसे तत्काल दुरुस्त कर लिया गया।

राहुल गांधी करीब 32 मिनट कतार में खड़े रहे जिसके बाद उनके वोट डालने की बारी आई। कांग्रेस उपाध्यक्ष ने दिल्ली में दो चुनावी रैलियों को संबोधित किया था हालांकि इसमें लोग काफी कम संख्या में आए थे। औरंगजेब लेन बूथ पर आज सुबह मतदान करने वालों में भारती समूह के अध्यक्ष सुनील भारती मित्तल भी शामिल थे।

Related posts